द फॉलोअप डेस्कः
रांची में एक महिला अचानक गायब हो गई है। महिला का नाम मनीषा देवी है। उसके तीन बच्चे हैं। बच्चे मां के लिए बिलख रहे हैं लेकिन अब तक महिला का कुछ पता नहीं चल पाया है। मनीषा के सुसराल वालों ने बताया कि 17 जनवरी को वह अपने ससुराल से मायके जाने के लिये निकली थी, पर मायके पहुंची ही नहीं। मनीषा का ससुराल रांची के रातू थाना क्षेत्र में कमड़े में है। उसके पति का नाम संतोष विश्वकर्मा है। संतोष एक गैरेज में काम करते हैं। मनीषा का मायके रांची के कांटाटोली के बेलबगान में है।
मनीषा देवी के अचानक गायब होने की सूचना उसके ससुर सुरेश विश्वकर्मा ने बीते 17 जनवरी की शाम रातू थाना में दी है। सुरेश विश्वकर्मा ने बताया कि 17 जनवरी को मनीषा दिन के करीब 12 बजे ससुराल से अपने मायके जाने के लिये अकेली निकली थी। घर पर उसने सिर्फ इतना कहा कि मायके में कुछ कांड हो गया, साथ ही उसकी दादी की तबीयत ठीक नहीं है। मनीषा देवी के पति संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि बीते 16 जनवरी की रात ही मनीषा ने कहा था कि उसे मायके जाना है। अगले दिन मैं काम पर चला गया और मनीषा अकेली ही मायके के लिए निकल गयी। करीब डेढ़-दो घंटे बात उसके मोबाइल पर फोन किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। लगा कि बैट्री डाउन हो गया होगा। शाम में दोबारा कॉल करने पर भी फोन बंद ही मिला। तक उसके मायके में फोन कर पूछा, तो पता चला कि मनीषा घर पहुंची ही नहीं। न ही वहां किसी से कोई बात हुई है।
मनीषा की चिंता होने लगी, तो रातू थाना में उसके गायब होने का लिखित आवेदन दिया। घर जाने पर पता चला कि करीब 20 हजार रुपये कैश, आधार कार्ड, मोबाइल फोन का चार्जर और ATM कार्ड मनीषा अपने साथ ले गयी है। मनीषा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थी। चार दिन बीत गये लेकिन मनीषा का कोई सुराग पुलिस को भी नहीं मिल पाया है। घरवाले और उसके मायके वाले भी परेशान हैं। उसे हर संभावित ठिकाने पर खोजा, पर कहीं कुछ पता नहीं चला। संतोष को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। वहीं, पुलिस का कहना कि CDR हाथ नहीं लगा है, तफ्तीश की जा रही है।